जिले के दो ब्लॉक महरौनी और जखौरा में एक-एक नामांकन दाखिल होने से दोनों ब्लॉकों में प्रमुखों का निर्विरोध चुना जाना तय हो गया है।
क्षेत्र पंचायत प्रमुख के सामान्य निर्वाचन-2016 के लिए जिले के सभी छह विकास खंडों में नामांकन का कार्य कड़ी सुरक्षा, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न हो गया। इस दौरान ब्लाक महरौनी और जखौरा में सिर्फ एक-एक प्रत्याशी द्वारा ही नामांकन पत्र दाखिल किया गया है।
मड़ावरा विकासखंड में क्षेत्र पंचायत प्रमुख के अनारक्षित पद के लिए चंद्रदीप पुत्र अशोक कुमार तथा दिग्विजय सिंह पुत्र
विक्रम सिंह द्वारा अपने समर्थकों के साथ ब्लॉक मड़ावरा में सहायक निर्वाचन अधिकारी के समक्ष नामांकन प्रस्तुत किया। मड़ावरा में 74 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
वहीं, तालबेहट ब्लाक में अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित ब्लाक प्रमुख पद के लिए मनीषा देवी पत्नी राजेश तथा ऊषा रानी पत्नी महेंद्र पाल सिंह ने नामांकन पत्र प्रस्तुत किया। यहां 84 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। महरौनी विकासखंड के अनारक्षित क्षेत्र पंचायत प्रमुख पद के लिए केवल एक नामांकन पत्र देवेंद्र प्रताप सिंह पुत्र रघुराज सिंह द्वारा प्रस्तुत किया गया।
ब्लाक बार का क्षेत्र पंचायत प्रमुख का पद अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित है। यहां पर तीन महिला उम्मीदवारों आरती पत्नी अशोक कुमार, सविता पत्नी जयप्रकाश और गेंदा रानी पत्नी जवाहर ने नामांकन पत्र दाखिल किया। बार ब्लाक में 83 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
बिरधा विकासखंड में क्षेत्र पंचायत प्रमुख पद के लिए जयराम सिंह निरंजन व जयपाल सिंह ऐरा द्वारा नामांकन पत्र प्रस्तुत किया गया। यहां पर 97 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जखौरा विकासखंड में क्षेत्र पंचायत प्रमुख का पद अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित है। यहां पर एकमात्र नामांकन कैलाश यादव द्वारा किया गया।
क्षेत्र पंचायत के प्रमुख सामान्य निर्वाचन को सकुशल तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला मजिस्ट्रेट डा. रूपेश कुमार ने मड़ावरा में भूमि संरक्षण अधिकारी अशोक कुमार यादव, महरौनी में जिला कृषि अधिकारी बृजेश कुमार, तालबेहट में जिला उद्यान अधिकारी सुघर सिंह, बार में भूमि संरक्षण अधिकारी रविचंद्र प्रकाश, जखौरा में सहायक अभियंता सिंचाई निर्माण खंड माताटीला विंद्रा प्रसाद द्विवेदी और बिरधा में अधिशासी अभियंता एके सिंह को सहायक निर्वाचन अधिकारी के रूप में तैनात किया है।
जिला मजिस्ट्रेट व पुलिस अधीक्षक बालेंदु भूषण सिंह ने सभी ब्लाक मुख्यालयों का भ्रमण कर नामांकन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। शनिवार (आज) को उम्मीदवारों द्वारा नाम वापस लिए जा सकेंगे।
चुनाव प्रेक्षक ने किया निरीक्षण
चुनाव आयोग के निर्देशों के क्रम में ब्लाक प्रमुख चुनाव के लिए जिले में नियुक्त प्रेक्षक बाबूलाल श्रीवास ने शुक्रवार की सुबह जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक तथा मुख्य विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर मतदान एवं मतगणना संबंधी तैयारियों की जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने आयोग के निर्देशानुसार मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के निर्देश दिए। बैठक के उपरांत उन्होंने विकासखंड मड़ावरा व महरौनी में नामांकन प्रक्रिया का निरीक्षण किया।