बिरधा में महिलाओं ने मटके फोड़े
- फोटो : AMAR UJALA
कस्बा बिरधा में पेयजल समस्या को लेकर महिलाओं के सब्र का बांध टूट गया। उन्होंने जल संस्थान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मटका फोड़कर प्रदर्शन किया। इससे प्रशासन में खलबली मच गई। जिला पंचायत राज अधिकारी ने तुरंत पानी का टैंकर भेजा, तब जाकर महिलाओं का गुस्सा ठंडा हुआ। सूर्यदेव के तेवर सख्त होते ही ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट गहराने लगा है। कस्बा बिरधा में करीब एक माह से जलापूर्ति बाधित है। मोहल्ला महावीरपुरा की महिलाओं का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने मटका फोड़कर प्रदर्शन किया। सोशल मीडिया पर प्रदर्शन की फोटो वायरल हो गई। इससे प्रशासन हरकत में आ गया। जिला पंचायत राज अधिकारी डा. अवधेश सिंह ने तत्काल ग्राम प्रधान व सचिव से संपर्क साधा। इसके बाद टैंकर से जलापूर्ति कराई गई। मोहल्ले में टैंकर पहुंचते ही यहां के महिला और पुरुषों का गुस्सा शांत हो गया।