बानपुर/ललितपुर। कस्बा बानपुर में पिछले माह से हो रही अघोषित विद्युत कटौती व लो वोल्टेज की समस्या से कस्बा वासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके चलते गर्मी और उमस की विभीषिका झेल रहे कस्बावासी बीमार हो रहे हैं।
सबसे विकट समस्या तो बच्चों, बीमार और वृद्धों के साथ हैं जिन्हें न दिन में चैन है न रात को आराम। लगातार लो वोल्टेज व कटौती की समस्या से ग्रस्त कस्बाबासी आधी रात को छतों पर बच्चों को टहलाते हुए आसानी से देखे जा सकते हैं। लेकिन विद्युत अधिकारियों की उदासीनता के चलते कस्बा वासियों को परेशानी से दो चार होना पड़ रहा है । ऐसे में घर के पंखा व कूलर शोपीस बनकर रह गए हैं। लोग रात्रिकालीन बेला में अपनी नींद भी पूरी नहीं कर पा रहे हैं व मानसिक रूप से परेशान हो रहे हैं। साथ ही लो वोल्टेज व अघोषित कटौती से कस्बे की जलापूर्ति भी प्रभावित हो रही है, इसके चलते कोढ़ में खाज बाली कहावत पूरी तरह चरितार्थ हो रही है। बमुश्किल कस्बे में दस-बारह घंटे ही विद्युतापूर्ति की जा रही है । अधिकारी /कर्मचारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही । कस्बे में बड़ी मात्रा में कनेक्शनधारी होने के बावजूद उन कटिया डालने वालों की मौज है जो न तो कभी बिल भरते हैं और न कनेक्शन लेने की बात करते हैं ऐसे में उन अधिकारियों के निरीक्षण पर सवाल उठते हैं जो विद्युत चैकिंग करने आते हैं और इसका खामियाजा आम जनमानस को भोगना पड़ रहा है । लोगों का कहना है कि ऐसा हाल तो बानपुर सब स्टेशन बननेस्त्रत्त् के पहले था फिर इसके बनने का क्या फायदा यह तो सफेद हाथी ही साबित हो रहा है। कस्बावासियों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि उक्त समस्याओं से शीघ्र अति शीघ्र निजात दिलाई जाये।