संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। प्रेमी युगल की मौत के मामले में प्रेमी के भाई ने प्रेमिका के परिजन पर हत्या का शक जताया। पुलिस ने प्रेमिका के परिजन पर मुकदमा दर्ज किया है। घटना के रहस्य से पर्दा उठाने में जुटी है। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
थाना जखौरा के विघा राजपुर में प्रेमी युगल मिथुन कुशवाहा (22) और कामिनी साहू की गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। बुधवार को प्रेमी युगल के शव अलग-अलग जगह पड़े हुए मिले थे। मृतक मिथुन कुशवाहा के भाई मनीष कुमार ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि उसका भाई मिथुन तालबेहट में काम करता था। काम करने के बाद प्रतिदिन अपने मामा के यहां ग्राम कलोथरा चला जाता था।
31 दिसंबर की शाम को जब मिथुन कलोथरा नहीं गया तो तलाश की। एक जनवरी की सुबह छह बजे उसके भाई मिथुन की विघा नहर की पुलिया के पास नीम के पेड़ पर लाश फंदे से टंगी मिली। मिथुन के दोनों हाथ पीछे से बंधे थे। उसकी बाइक नहर किनारे मिली।
उसके भाई मिथुन का कामिनी से प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद चल रहा था। समझौता भी हो गया था। कामिनी के घर के लोग व रिश्तेदार उसके भाई को जान से मारने की धमकी देते थे। उसे शक है कि उसके भाई को कामिनी के घर के लोगों ने मारकर पेड़ पर टांग दिया। घटना का खुलासा करने के लिए एसपी ने टीमों को निर्देश दिए।
पुलिस ने कुछ संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ की है। पुलिस अधीक्षक घटना का खुलासा करने में जुटी टीमों की मॉनीटरिंग कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को भी पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर जांच में जुटे रहे। सूत्रों के अनुसार पुलिस के हाथ कुछ सुराग लगे हैं। अनुमान है कि जल्द ही इस हत्याकांड के रहस्य से पर्दा उठेगा।
हर पहलू पर हो रही जांच : प्रेमी युगल हत्याकांड का खुलासा करने के लिए पुलिस अधीक्षक ने एसओजी, सर्विलांस सहित जाखलौन, मड़ावरा और जखौरा थाना से टीमों का गठन किया है। टीमें हर पहलू पर जांच कर रही हैं। टेक्निकल सहित मैनुअल तकनीक से भी जांच की जा रही है।
प्रेमी युगल के चेहरे पर मिले तरल पदार्थ से रहस्य गहराया : दोनों का गला घोंटकर मौत के घाट उतारने के बाद उनके चेहरों पर तरल पदार्थ डला हुआ मिला। यह तरल पदार्थ लड़की के बालों और मुंह के आसपास था। मिथुन के चेहरे पर भी तरल पदार्थ था। पुलिस जांच में जुटी हुई है कि उक्त तरल पदार्थ का रहस्य क्या है।
गांव में पसरा सन्नाटा : थाना जखौरा के ग्राम विघा रजावत में प्रेमी युगल की मौत के बाद से सन्नाटा पसरा हुआ है।