ललितपुर (ब्यूरो)। दीवाली के दो दिन बाद शुक्रवार को भाई के प्रति बहन के स्नेह को अभिव्यक्त करने वाला पर्व भैया दूज प्रेम व सद्भाव के साथ मनाया गया। इस दौरान बहनों ने परंपरा के अनुसार दोज की पूजा की और भाई का तिलक किया। बुंदेलखंड में भाई बहन के स्नेह का प्रतीक भैया दूज का पर्व श्रद्धा और प्रेम के साथ मनाया गया।
इस दिन बहनें अपने भाई के माथे पर रोली व अक्षत से तिलक कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करती हैं। बड़ी बहनें छोटे भाई को आशीष देती हैं।
बुंदेलखंड में भैया दूज के दिन बहनें घरों के बाहर दरवाजे पर गोबर की दोजे बनाकर विधि विधान के साथ पूजा करती हैं। इस पूजन में घर की सभी महिलाएं व कन्याएं शामिल होती हैं। इसके बाद बहनें अपने भाइयों को हल्दी, रोली और अक्षत से प्रेमपूर्वक तिलक करती हैं।
तिलक कराने के बाद हर भाई अपनी बहनों को सामर्थ्य अनुसार भेंट स्वरूप उपहार देते हैं। बहनों के तिलक करने के बाद भाइयों को नारियल भेंट किया और मिष्ठान खिलाया।