मड़ावरा/ललितपुर। वनांचल की गोद में बसे पुरातन सिद्धक्षेत्र पांडव वन में दर्शन कर लौट रहे ग्रामीणों के साथ नकाबपोश चार बदमाशों द्वारा लूटपाट किए जाने के मामले में थाना मदनपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
थाना मदनपुर अंतर्गत ग्राम गोराखुर्द निवासी प्रिंस प्रताप पुत्र जयपाल सिंह लोधी ने मदनपुर थाना पुलिस को तहरीर देकर बताया कि शनिवार को वह अपनी बहिन के विवाह के बाद परिजनों समेत भोज-भंडारे के लिए जंगल के बीच जामनी नदी के किनारे पांडव धाम गये थे। लौटते समय नीमखेरा के नजदीक सामने से दो बाइक पर चार अज्ञात नकाबपोश बदमाश आए और उनकी गाड़ी को रोककर गाड़ी चला रहे चालक और उसकी बहिन के सिर पर तमंचा अड़ा दिया। बदमाशों द्वारा महिलाओं के साथ लूटपाट की गई, जिसमें उनके सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए और जंगल की तरफ भाग गए। पीड़ितों द्वारा घटना स्थल से ही डायल 112 पीआरवी के सहायता के लिए फोन किया, सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस एवं 112 पीआरवी तत्काल मौके पर पहुंच गई। मामले की जानकारी के बाद पुलिस द्वारा बदमाशों का पीछा किया तो कुछ दूर आगे रास्ते में एक बाइक के पास दो युवक खड़े दिखाई दिए, जिनसे पूछताछ में उन्होंने बताया कि उनकी बाइक की चैन टूट गई है। बातचीत से संदिग्धता जाहिर होने पर पुलिस द्वारा कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली और एक बाइक पर अन्य साथियों के भागने की बात भी बताई। पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए आरोपियों को थाने लेकर जाकर और गहनता से पूछताछ की जा रही है। वहीं उक्त मामले में मदनपुर पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।