बृहस्पतिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. सत्येंद्र कुमार ने न्यू पीएचसी कल्यानपुरा का निरीक्षण किया। चिकित्साधिकारी डा. अमित कुमार तीस मरीज देखकर आरएसबीबाई की टीम के साथ भ्रमण को झरकौन गए थे। स्वास्थ्य केंद्र में स्वीपर एवं वार्ड ब्याय मौजूद थे। उपस्थिति पंजिका की जांच करने पर पता चला कि एमओसीएच (मेडिकल ऑफीसर कम्युनिटी हेल्थ) डा. निर्भय नारायण तीस जनवरी से इकतिस जनवरी, एक फरवरी से ग्यारह फरवरी, अठारह अप्रैल से तेइस अप्रैल, सात मई से इकतिस मई तथा पांच जून से पच्चीस जून तक अनुपस्थित थे। शेष दिनों में जो हस्ताक्षर किए गए थे, वे भी अंग्रेजी के कैपिटल लैटर में थे। इसे गंभीरता से लेते हुए सीएमओ ने एमओसीएच का वेतन रोकने के साथ ही हस्ताक्षर की जांच कराने का निर्णय लिया है। इसके अलावा अनुपस्थिति के दौरान वेतन निर्गत किए जाने की जानकारी करने के लिए अभिलेख भी तलब कर लिए हैं।
वहीं, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बानपुर में डा. सिद्धार्थ जैन मौजूद मिले। सफाई व्यवस्था ठीक पाई गई। उपस्थिति पंजिका की जांच में एलएचवी राममूर्ति भी लंबे समय से अनुपस्थित पाई गईं। औषधि कक्ष में समुचित रखरखाव न पाए जाने पर फार्मासिस्ट को फटकार लगाई गई। अनुपस्थित एलएचवी का वेतन रोकने तथा विभागीय जांच के निर्देश दिए गए।