तालबेहट (ललितपुर)। राजमार्ग पर टेकरी के पास सवारी उतार रही एक लोहिया बस में तेज गति से आ रही आपे पीछे से टकरा गई, जिसमें एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ सवारियां घायल हो गईं। इनमें से तीन की गंभीर हालत होने पर उन्हें मेडिकल कालेज झांसी रेफर कर दिया गया।
शनिवार सुबह साढे़ दस बजे झांसी से ललितपुर की लोहिया बस क्रमांक यूपी - 93 एटी - 7162 सवारियां लेकर जा रही थी। राजमार्ग पर ग्राम टेकरी के पास एक सवारी उतारने के लिए बस रुकी, तभी पीछे से कड़ेसराकलां से सवारियां लेकर आ रही आपे क्रमांक यूपी- 94 सी - 9918 के चालक ने सीधी बस में टक्कर मार दी, जिससे आपे में बैठी सवारियां दूर गिर पड़ीं। चीख पुकार सुन कर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
बाद में पुलिस भी आ गई। दुर्घटना में मौके पर ही राम प्यारी पत्नी जानकी अहिरवार (65 वर्ष) की मौत हो गई। जबकि, आशीष पुत्र मोहन (16 वर्ष), गनेश राजा पत्नी मोहन सिंह (50 वर्ष), करन पुत्र बृजराज (30 वर्ष) को सीएचसी तालबेहट में प्राथमिक उपचार के बाद झांसी रेफर कर दिया गया। वहीं, शिवम पुत्र जसरथ (15 वर्ष), मुन्ना पुत्र मनसुख (50 वर्ष), कल्लू पुत्र गोरेलाल (30 वर्ष), अभिषेक पुत्र सुरेश (15 वर्ष) एवं रामदेवी पत्नी करन (23 वर्ष) को सीएचसी तालबेहट में प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
सेवा में जुटे प्रत्याशी
मार्ग दुर्घटना में जहां लोग अपने परिजनों का हाल जानने को बेताब थे। वहीं, ग्राम प्रधान के चुनाव में अपनी दावेेदारी करने वाले ग्राम कड़ेसराकलां के कुछ नेता घायलों की सेवा में जुटे थे। चिकित्सकों द्वारा मरीजों को झांसी रेफर करने के बाद सीएचसी में मरीजों को ले जाने के लिए वाहनों की कतारें लग गईं।