शनिवार को कैदियों के हंगामे के दौरान पुलिस अफसरों को लॉकअप में ताश के पत्ते मिले। जानकारी में कैदियों ने बताया कि उनके पास हर सामान पहुंचाने का 500 रुपए लिया जाता है।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने हंगामे की वजह की जानकारी पुलिस के साथ कैदियों से भी ली। कैदियों ने बताया कि मामूलीविवाद के चलते पुलिस ने उनके साथ जमकर मारपीट की। कैदियों को अपनी बात सुनाने के लिए एसडीएम पूनम निगम को चिल्ला कर बुलाना पड़ा। कैदियों के पास पहुंची एसडीएम को कैदियों ने बताया गया कि सामान को अंदर पहुंचाने के लिए पुलिस प्रति सामान पर 500 रुपए लेती है। वहीं, एक हत्याकांड में बंद राहुल पुत्र बालकिशन, रवि पुत्र रघुवीर सिंह व अन्य कैलाश, मुकेश कुशवाहा आदि ने बताया कि पेशी पर आने के दौरान परिजनों से मिलने के लिए उनसे 500 रुपए लिया जाता है, न देेने पर मारपीट की जाती है। आरोप लगाया कि पुलिस वालों की जेब की चेकिंग कराकर हकीकत जानी जा सकती है। वहीं, अन्य कैदियों ने लॉकअप का माहौल सुधरवाने की मांग की। हंगामा होने से न्यायालय परिसर स्थित लॉकअप के पास लोगों की भीड़ जमा हो गई।