संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शासन ने एक जनपद एक उत्पाद योजना (ओडीओपी) के तहत यहां के 36 उद्यमियों को ऋण देने का लक्ष्य दिया था। अब तक 21 लाभार्थियों को ऋण वितरण किया जा चुका है।
जनपद में ओडीओपी के तहत सिल्क व जरी साड़ी कारोबार को चयनित किया गया है। इस उद्योग को बढ़ावा देने के लिए शासन ने इन उद्यमियों को ऋण देने की योजना तैयार की है। जनपद में इस वित्तीय वर्ष में 36 उद्यमियों को ऋण देने का लक्ष्य मिला था। अब तक 21 लाभार्थियों को 2.66 करोड़ का ऋण स्वीकृत किया गया है। इस योजना तहत अधिकतम 25 लाख रुपये के ऋण की स्वीकृति होती है। 25 प्रतिशत का अनुदान उद्योग विभाग देता है। जनपद में इस योजना के तहत दो इकाई कार्य कर रही हैं।
-
स्वरोजगार योजना से भी मिला 47 को लाभ : मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत भी उद्यमियों को लघु उद्योग की स्थापना के लिए 25 लाख तक का ऋण दिया जाता है। इस पर भी 25 प्रतिशत का अनुदान है। इस योजना के तहत 47 लोगों को 3.70 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया जा चुका है। इन सभी खातों में शासन से मिलने वाला अनुदान भी बैंक को दे दिया है।
युवा उद्यमी योजना के तहत आए 75 आवेदन : नए साल में युवा उद्यमियों को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने महत्वाकांक्षी योजना का शुभारंभ किया है। इस योजना में बिना ब्याज के पांच लाख रुपये का ऋण दिया जाएगा। इसके अब तक 75 आवेदन आ चुके हैं। जनपद में 700 का लक्ष्य रखा गया है।
-
ओडीओपी योजना में अब तक 21 लोगों का ऋण स्वीकृत हो चुका है। युवा उद्यमी योजना में 75 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। इससे युवाओं को स्वयं का व्यवसाय करने में सहायता मिलेगी।
अख्तर जमाल, उपायुक्त उद्योग।