गांव की महिलाओं ने तीसरे दिन भी नहीं खुलने दी शराब की दुकान, 10 जनवरी से खोल रखा है मोर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
महरौनी/ सिलावन। थाना महरौनी अंतर्गत ग्राम चढ़रऊ की महिलाओं ने तीसरे दिन बुधवार को भी देसी शराब की दुकान को नहीं खुलने दी। कहा कि गांव में शराब नहीं बिकने दी जाएगी। इसकी जानकारी होने पर आबकारी निरीक्षक अन्विता तिवारी और विपिन कुमार चढ़रऊ पहुंचे। यहां उन्होंने महिलाओं को समझने का प्रयास किया लेकिन महिलाएं अपनी मांगों पर अड़ी रहीं। काफी समझाने के बाद भी महिलाएं नहीं मानी तो टीम बैरंग लौट गई।
10 जनवरी को चढ़रऊ गांव में गांव की महिलाएं गांव में खुली देसी शराब के ठेके पर पहुंची थीं। उनका कहना था कि गांव में ठेका होने के चलते आसानी से शराब उपलब्ध हो जाती है। इससे बच्चे भी शराब पीने के लती हो गए हैं । शराब गांव में आसानी से उपलब्ध होने के चलते उनका परिवार बर्बादी के कगार पर पहुंच गया है। गांव का माहौल भी खराब हो रहा है।
आबकारी टीम ने महिलाओं को समझाते हुए बताया कि 31 मार्च तक दुकान को बंद नहीं करा सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि दुकान को आबादी से हटाकर गांव की सीमा में खुलवा देते हैं। इस पर महिलाओं ने कहा कि किसी भी कीमत पर गांव में दुकान का संचालन नहीं होने देंगी। इस दौरान खितवास चौकी प्रभारी साबिर अली सहित पुलिसकर्मी व गांव के लोग मौजूद रहे।