ललितपुर। मड़ावरा क्षेत्र में हाइटेंशन लाइन पर गाज गिरने से बीस इंसुलेटर बर्स्ट हो गए। इस कारण लगभग 42 घंटे तक 150 गांवों की बिजली ठप रही। सोमवार को पेट्रोलिंग के बाद बर्स्ट हुए इंसुलेटरों को बदला गया, तब कहीं बिजली सुचारु हो सकी। महरौनी स्थित 132 केवी सब स्टेशन से 33 केवी विद्युत सब स्टेशन मड़ावरा जुड़ा हुआ है। यहां स्थापित मदनपुर, गिरार, मड़ावरा व सैदपुर फीडर के माध्यम से एक सैकड़ा से अधिक गांवों को बिजली आपूर्ति की जाती है।
मड़ावरा व गिरार फीडर से जुड़े सैदपुर, सतवांस से लेकर साढ़ूमल तक 33 केवी लाइन पर 23 जुलाई की रात करीब ग्यारह बजे बीस इंसुलेटर गाज गिरने के कारण फट गए। इस वजह से मड़ावरा सब स्टेशन के अंतर्गत ग्राम मड़ावरा, सौंरई, धवा, रजवारा, पिपरट, मदनपुर, जलंधर, धौरीसागर, हसरी, सीरोन, लिधौरा, गिरार, मदनपुर, भीकमपुर, साढ़ूमल, सतवांस समेत डेढ़ सैकड़ा गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। रात को बारिश होने और रात अधिक होने के कारण हाइटेंशन लाइन की पेट्रोलिंग नहीं की जा सकी। अगले दिन रविवार की सुबह से पेट्रोलिंग कराई गई। पूरे दिन लाइन की पेट्रोलिंग कराई गई, लेकिन फाल्ट को नहीं खोजा जा सका।
इसके बाद सोमवार की सुबह फिर से पेट्रोलिंग की गई। इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने सब स्टेशन पर पहुंचकर विरोध जताया। अधिशासी अभियंता प्रशांत सिंह ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए एसडीओ व जेई को तेजी के साथ पेट्रोलिंग कर बिजली आपूर्ति सुचारु कराए जाने के निर्देश दिए। पेट्रोलिंग के दौरान बीस इंसुलेटर खराब मिले। सोमवार की शाम साढ़े चार बजे तक गाज गिरने से खराब हुए बीस इंसुलेटर बदल दिए गए। इसके बाद सब स्टेशन तक बिजली आपूर्ति सुचारु कराई गई। बाद में विभागीय अधिकारियों की देखरेख में सोमवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे बारी-बारी से फीडरों को बिजली आपूर्ति सुचारु कराई जा सकी।
महरौनी में 132 केवी लाइन का इंसुलेटर फटा
महरौनी स्थित 132 केवी सब स्टेशन को जाने वाली लाइन पर रविवार की शाम करीब पांच बजे एक इंसुलेटर फट गया, जिस वजह से महरौनी व सैदपुर फीडर की बिजली आपूर्ति 17 घंटे तक गुल रही। इंसुलेटर फटने से महरौनी फीडर के अलावा सैदपुर फीडर के अंतर्गत महरौनी, सैदपुर, रमेशरा, गढ़ौली, मुड़िया, नैनवारा, छाइन, दरौना, कुम्हेड़ी समेत करीब पांच दर्जन गांव की बिजली रात भर गुल रही। विभाग द्वारा सोमवार की सुबह दस बजे हाइटेंशन लाइन का इंसुलेटर बदला गया, तब कहीं आपूर्ति सुचारु हो सकी।