ललितपुर। मड़ावरा क्षेत्र के ग्राम साढ़ूमल में निर्धारित दर से अधिक दाम पर खाद बेचने का मामला सामने आया है। इस पर जिला कृषि अधिकारी ने एक उर्वरक विक्रेता का लाइसेंस निरस्त कर दिया है। साथ ही उससे स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।
जिला कृषि अधिकारी रंजीत चौरसिया ने मंगलवार को तहसील महरौनी और मड़ावरा में निरीक्षण किया। यह निरीक्षण रबी फसलों की बोआई के लिए उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु किया गया था। उन्होंने फुटकर उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों की जांच की। विक्रेताओं को निर्देशित किया गया कि वे उर्वरकों का विक्रय संतुलित मात्रा में करें। विक्रय निर्धारित दरों पर ही सुनिश्चित करने को कहा गया। जय लंकेश इंटर प्राइजेज साढ़ूमल के बिक्री रजिस्टर की जांच की गई। रजिस्टर में अंकित मोबाइल नंबरों पर किसानों से जानकारी ली गई। किसानों ने अधिक दर पर उर्वरक खरीदने की पुष्टि की।
निरीक्षण के दौरान साहू इंटर प्राइजेज महरौनी के अभिलेख अधूरे पाए गए। उनके स्टॉक रजिस्टर और बिक्री रजिस्टर पूर्ण नहीं थे। प्रतिष्ठान पर स्टॉक या रेट बोर्ड भी प्रदर्शित नहीं था। इन अनियमितताओं पर साहू इंटर प्राइजेज को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। यह कार्रवाई किसानों को उचित दर पर खाद उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है।