संवाद न्यूज एजेंसी
सिलावन/महरौनी। विकासखंड महरौनी की 23 ग्राम पंचायतों में बृहस्पतिवार को केंद्र सरकार की नई ग्रामीण रोजगार योजना विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) का शुभारंभ किया गया। ग्राम पंचायत सिंदवाहा और जरया में खंड विकास अधिकारी आजम अली ने जनप्रतिनिधियों के साथ भूमि पूजन कर योजना के तहत विकास कार्यों की शुरुआत कराई।
इस दौरान ग्रामीणों और श्रमिकों को योजना के नए प्रावधानों की जानकारी देते हुए खंड विकास अधिकारी ने बताया कि केंद्र सरकार ने पूर्व में संचालित मनरेगा के स्थान पर यह योजना लागू की है। नई व्यवस्था के तहत ग्रामीण परिवारों को अधिक रोजगार, बेहतर मजदूरी और समय पर भुगतान सुनिश्चित किया गया है।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत गारंटीकृत रोजगार अवधि 100 दिनों से बढ़ाकर 125 दिन कर दी गई है। इसके अलावा न्यूनतम मजदूरी 300 रुपये निर्धारित की गई है। मजदूरी का भुगतान 15 दिन के भीतर करना अनिवार्य होगा। भुगतान में देरी होने पर नियमानुसार मुआवजा देने का भी प्रावधान किया गया है। वहीं, निर्धारित समय में रोजगार उपलब्ध न होने पर बेरोजगारी भत्ता भी दिया जाएगा।
उन्होंने पात्र ग्रामीणों से योजना का लाभ उठाने और विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की।
दूसरी ओर बम्हौरी बहादुरसिंह, अगौरा, नेगुवां, कुसमाड़ सहित अन्य ग्राम पंचायतों में ग्राम सचिवों और जनप्रतिनिधियों ने भी योजना का विधिवत शुभारंभ कराया।