ललितपुर। शहर में बड़े वाहनों के लिए पार्किंग स्थल न होना राहगीरों के लिए मुसीबत बनता जा रहा है। पीएन कालेज की सड़क अघोषित पार्किंग स्थल बन गई है। गल्ला मंडी में गेहूं और सब्जी मंडी में सब्जियां और तरबूज बेचने आ रहे किसान अपने ट्रैक्टर यहीं आड़े-तिरछे खड़े कर रहे हैं। ऐसे में इस रास्ते से गुजरना मुश्किलों भरा हो गया है। जाम के हालात तो बनते ही हैं,
हादसे की आशंका भी बनी रहती है। इसे ओर नगर पालिका अधिकारियों और यातायात पुलिस का ध्यान न होने से राहगीर परेशान हैं।
सहालग एवं गेहूं की खरीद के चलते शहर के बाजारों में ग्रामीणों की आवाजाही बढ़ गई है। प्रतिदिन गांवों से करीब एक सैकड़ा से अधिक ट्रैक्टर ट्राली नवीन गल्ला मंडी एवं गेहूं खरीद केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। यहां से लौटने के बाद दर्जनों वाहन शहर की सीमा में प्रवेेश करते हैं।
इस दौरान चालकों को पार्किंग की समस्या से जूझना पड़ता है। नगर पालिका परिषद ने कहीं भी पार्किंग स्थल नहीं बनाया है। जिस कारण ट्रैक्टर ट्राली सड़कों पर जहां-तहां खड़े किए जा रहे हैं। बड़ी संख्या में ट्रैक्टर ट्राली अब पीएन इंटर कालेज के आसपास खड़े होने लगे हैं। ऐसी स्थिति में सड़क संकरी हो जाती है और जब यहां से वाहन गुजरते हैं तो सामने से आ रहे वाहन के लिए निकलने में दिक्कत होती है। नतीजतन जाम जैसे हालात बन जाते हैं। इसके बाद भी इस ओर किसी का ध्यान नहीं है। वाहन चालकों का कहना है कि प्रशासन पार्किंग का स्थान बताए तो वहां वाहन खड़े किए जाएं।
भूमि की अनुपलब्धता बनी रोड़ा
नगर पालिका के अंतर्गत पार्किंग के लिए जगह नहीं बची है। राजनैतिक दलों की रैली के दौरान फूटा बंगला को पार्किंग स्थल बना दिया जाता है। लेकिन, रोजाना आ रहे वाहनों के लिए पार्किंग को स्थान चिह्नित नहीं है। वर्तमान में फूटा बंगला खरबूजा मंडी बन गई है। यहां राजघाट डूब क्षेत्र के दर्जनों ट्रैक्टर ट्राली आ रहे हैं। इस तरह शहर पर भारी वाहनों का दबाव बढ़ता जा रहा है।
प्रवेश शुल्क ले रहे पार्किंग नहीं दे रहे
शहर में प्रवेश कर रहे वाहन चालकों से नगर पालिका परिषद शुल्क वसूलती है। लेकिन, पार्किंग स्थल मुहैया नहीं करा रही है। जिससे वाहन चालक खुद को छला महसूस करते हैं। उनका कहना है कि शुल्क देने के बाद भी पुलिस उनके साथ टोकाटोकी करती है।
पार्किंग के लिए चिह्नित होगी भूमि
नगर पालिका परिषद जल्द ही भूमि चिह्नित कर वाहनों के लिए पार्किंग स्थल बनवाएगी। इस पर जल्द ही काम भी शुरू करा दिया जाएगा।
राकेेश कुमार, अधिशासी अधिकारी
नगर पालिका परिषद