ललितपुर। पुलिस और राजस्व विभाग का ढुलमुल रवैया लोगों पर भारी पड़ रहा है। उन्हें कब्जाधारियों से अपनी जमीन को बचाना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में पीड़ित व्यक्ति आला अफसरों के दरवाजा खटखटाने को मजबूर हैं।
थाना जखौरा के अंतर्गत ग्राम कल्यानपुरा निवासी रामसेवक साहू ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायत पत्र में आरोप लगाया है कि विपक्षी उसकी जमीन पर कई वर्षों से कब्जा किए हुए हैं। 26 नवंबर को लेखपाल, कानूनगो और लेखपाल द्वारा जमीन की नपाई की जाती है। इसके बाद भी विपक्षी दबंगई दिखाकर जमीन को नपवाने नहीं देते हैं। विपक्षी बांसी चौकी पुलिस को मौके पर साथ ले आते हैं। जिस पर उसकी कोई
सुनवाई नहीं होती है।
वहीं, विकासखंड मड़ावरा के अंतर्गत ग्राम हसरा निवासी संजय सिंह ने जिलाधिकारी को शिकायत पत्र देकर ग्राम के कुछ लोगों पर उसकी जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। इसमें बताया गया कि ग्राम में पंचायत हुई थी, जिसमें ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत की मौजूदगी में जमीन से कब्जा छोड़ने का आश्वासन दिया गया था। लेकिन विपक्षियों ने भूमि से अभी तक कब्जा नहीं छोड़ा है। 25 नवंबर को उनकी शिकायत के आधार पर उसे थाने में बैठा लिया गया था। उसके बाद से बेवजह लगातार परेशान किया जा रहा है।
उधर, थाना बार के अंतर्गत ग्राम करमई के कुछ लोगों ने जिलाधिकारी को शिकायत पत्र देकर जांच नहीं करने का आरोप लगाया है। इसमें बताया गया कि कुछ लोगों द्वारा गांव सभा की जमीन पर कब्जा किया जा रहा है। विपक्षियों द्वारा उस भूमि पर गेहूं, चना, मटर, मसूर आदि की फसल की बुवाई कर दी है। इस संबंध में तहसील दिवसों में कई प्रार्थना पत्र दिए। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने सक्षम अधिकारियों से इसकी जांच कराने की मांग की है। शिकायत पत्र पर पप्पू, रज्जू, जालम, धनीराम, नंदू, अखिलेश, रामा, संजीव के हस्ताक्षर हैं।