कैप्शन - कंधारीखुर्द में आंबेडकर पार्क की जमीन पर हो रहा अवैध निर्माण।
- फोटो : TALDEHATE
तालबेहट। क्षेत्र में सक्रिय दबंग भूमाफिया अपने लाभ की खातिर सरकारी जमीनों पर कब्जा करने से बाज नहीं आ रहे हैं। तहसील क्षेत्र के ग्राम कंधारीखुर्द, चांदरा, बार, तरगुवा आदि गांवों में दबंग लोग बेशकीमती सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण कर रहे है। वहीं जानकारी के बाद राजस्व कर्मचारी मौन रखे हुए है।
दबंग भूमाफिया थाना पूराकलां के अंतर्गत ग्राम कंधारीखुर्द में आंबेडकर पार्क के लिए लगभग 25 वर्ष पहले आरक्षित जमीन पर अवैध रूप से निर्माण कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि इसकी जानकारी राजस्व कर्मचारियों को देने के बावजूद उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। जिससे उनके हौसले बुलंद हैं। इस संबंध में ग्रामीणों ने तहसीलदार को जानकारी देकर अवैध निर्माण को गिरवाने और दोषी लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की है।
वहीं ग्राम सभा भुचेरा के मजरा चांदरा में एक दबंग द्वारा लगभग दस माह पहले ग्राम सभा की जमीन पर अवैध रूप से निर्माण कार्य किया गया था। ग्राम प्रधान की शिकायत पर तत्कालीन उपजिलाधिकारी मोहम्मद कमर ने रुकवा दिया था। रोक के बावजूद दबंग ने फिर से अवैध निर्माण शुरू कर दिया। इस संबंध में लेखपाल श्रीकृष्ण सोनी का कहना है कि दबंग अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। मना करने पर वह नहीं मान रहा है।
ग्रामीणों से कंधारीखुर्द में आंबेडकर पार्क की जमीन पर अवैध कब्जे करने की जानकारी मिली है। इस संबंध में राजस्व निरीक्षक और लेखपाल से रिपोर्ट मांगी गई है। सरकारी जमीनों पर कब्जा करने वाले और जांच में दोषी पाए जाने पर राजस्व कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सौरभ पांडेय, तहसीलदार तालबेहट
चांदरा में हो रहे अवैध निर्माण कार्य को पूर्व में उपजिलाधिकारी द्वारा रुकवा दिया गया था। लगभग दस माह बाद दबंग द्वारा फिर से निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। जिससे अन्य लोगों के हौसले बुलंद हो रहे है।
पुष्पा नायक, ग्राम प्रधान भुचेरा चांदरा