मड़ावरा। कस्बे में अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हैं। तहसील मुख्यालय में डाक बंगला के नजदीक मड़ावरा- रनगांव की सीमा बनाने वाले नाले पर खोदकर अवैध कब्जा किया जा रहा है। लेकिन, प्रशासन मौन है।
जिला मुस्लिम एसोसिएशन के सदस्य मोहम्मद ने बताया कि मुस्लिम कब्रिस्तान के बगल से निकले नाले पर ग्राम गौना निवासी एक व्यक्ति कब्जा कर रहा है। आरोप है कि नाले पर निर्माण करने से पानी का बहाव रुक जाएगा। इससे कब्रिस्तान में पानी भरने से कब्रों के क्षतिग्रस्त होने की आशंका है। मोहल्लेवासियों का कहना है कि नाले में काफी दूरी से खेतों का पानी तेज बहाव के साथ आता है। नाले पर अवैध निर्माण होने से पर्याप्त जलनिकासी नहीं होने से उनके घरों में पानी भरने का खतरा बढ़ जाएगा। इसकी शिकायत तहसील प्रशासन से की गई है। ग्रामीणों की मांग है कि नाले पर किया जा रहा अवैध कब्जा तुरंत हटवाया जाए। दोषियों पर कार्रवाई की जाए।
-----
नाले पर रात के समय अवैध निर्माण की जानकारी मिलने पर पुलिस को भेजकर काम रुकवा दिया है। पैमाइश कराकर सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- एसपी सिंह
उपजिलाधिकारी मड़ावरा