ललितपुर। जनपद में उद्योग की असीम संभावनाएं हैं। यहां उद्योगों की स्थापना के लिए काफी अच्छा व उत्पादक माहौल है। लेकिन राजनीतिक शून्यता के चलते यहां पर किसी बड़े उद्योग की स्थापना अब तक नहीं हो सकी है। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा, ललितपुर बनेगा उद्योग हब बनेगा। यहां पर निवेशकों ने करीब 11,510 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया है। जिले में जल्द ही 250 करोड़ रुपये की लागत से सीमेंट शीट फैक्टरी स्थापित की जाएगी। फैक्टरी बनने से जनपद के लोगों को रोजगार की संभानाएं बढ़ेंगी तथा उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार होगा।
जनपद में कोई बड़ा उद्योग स्थापित न होने के कारण यहां बेरोजगारी अपने चरम पर है। यहां के लोग रोजगार की तलाश में बड़े शहरों में पलायन करने को विवश रहते हैं। लेकिन अब ऐसी बदहाली ज्यादा दिनों तक नहीं रहेगी। इसका कारण है जनपद में 250 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाली सीमेंट शीट बनाने की फैक्टरी स्थापित होगी। जनपद में सीमेंट शीट फैक्ट्री बनाने का कारण यहां पर सीमेंट सीट के लिए उपयोग में आने वाले कच्चे माल की उपलब्धता को माना जा रहा है। इसके साथ फैक्टरी स्थापित करने के लिए यहां जमीन भी आसानी से मिलने की उम्मीद है। उपायुक्त उद्योग के मुताबिक जनपद में इस फैक्टरी को स्थापित करने के लिए वार्ता अंतिम दौर में है और इसके जल्द ही धरातल पर उतरने की उम्मीद है।
सौ करोड़ रुपये लागत की लगेगी कृषि यंत्र इकाई
सीमेंट सीट फैक्टरी स्थापना की संभावना के साथ साथ जनपद में एक सौ करोड़ रुपये की लागत से कृषि यंत्र बनाने की इकाई स्थापित की जाएगी। इस संबध में निवेशक से उपायुक्त उद्योग से वार्तालाप का दौर चल रहा है।
27 निवेशकों ने से मिल चुके हैं निवेश के प्रस्ताव
अभी तक जनपद को 11,510 करोड़ रुपये निवेश के प्रस्ताव 27 निवेशकों से मिल चुके हैं। सभी प्रस्ताव उद्योग विभाग के सारथी पोर्टल पर प्रस्ताव दिए गए हैं। इसमें 19 निजी निवेशकों के 173 करोड़ रुपये निवेश के प्रस्ताव शामिल हैं।
300 करोड़ रुपये का मिला है लक्ष्य
जनपद में तीन सौ करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य दिया गया है। इसकी पूर्ति करने के लिए हाल ही में डीएम आलोक सिंह ने उद्यमियों के साथ बैठक की और बड़ी इंडस्ट्रीज की स्थापना के लिए उद्यमियों को आंमत्रित किया था। जिसका नतीजा यह हुआ कि जनपद को मिले लक्ष्य से कई गुना निवेश के प्रस्ताव अब तक मिल चुके हैं।
निजी उद्यमियों के निवेश करने के साथ-साथ सरकारी विभाग भी निवेश का प्रस्ताव दे रहे हैं। अभी तक 27 निवेशकों ने 11,510 करोड़ रुपये के प्रस्ताव विभाग के पोर्टल पर दिए हैं। आने वाले दिनों में और भी निवेशक जनपद में निवेश करने के लिए आकर्षित किए जाएंगे। - विमल द्विवेदी, उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन और उद्यमिता विकास केंद्र ललितपुर