बरातियों को हेलमेट देते वर-वधू।
- फोटो : संवाद
बढ़ते सड़क हादसों के बीच बालाबेहट गांव में रविवार को आयोजित शादी समारोह में अनोखी पहल देखने को मिली। जयमाल के समय वर-वधू को हेलमेट पहनाकर सुरक्षित यातायात का संदेश दिया गया, वहीं बरातियों को भी उपहार स्वरूप हेलमेट वितरित किए गए।
प्रेरणादायक पहल
पाली तहसील क्षेत्र के बालाबेहट निवासी पं. रामगोपाल तिवारी के बेटे शुभम का विवाह ग्राम बरोद (जाखलौन) निवासी प्रमोद ढिमोले की बेटी साक्षी के साथ सद्भावना भवन में संपन्न हुआ। जयमाल के दौरान दोनों पक्षों ने मंच पर वर-वधू को हेलमेट भेंट किए और दोपहिया वाहन चलाते समय इसका अनिवार्य उपयोग करने का संदेश दिया। समारोह में मौजूद बरातियों को भी हेलमेट वितरित करते हुए सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक किया गया। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
इंदौर से मंगवाए 100 हेलमेट
दूल्हे के पिता रामगोपाल तिवारी ने बताया कि शादी को यादगार बनाने और सुरक्षा का संदेश देने के उद्देश्य से हेलमेट उपहार में देने का निर्णय लिया गया। स्थानीय स्तर पर पर्याप्त हेलमेट उपलब्ध न होने के कारण इंदौर से 100 हेलमेट मंगवाए गए। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पहल लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करेगी।