बस की टक्कर से बाइक सवार तीन युवकों की मौत।
मड़ावरा के पास स्थित एक पेट्रोप पंप के समीप इंदौर जा रही स्लीपर कोच बस ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने तीनों शव को कब्जे में लेकर आगे कार्रवाई की।
सोमवार की रात करीब 9.30 बजे मध्य प्रदेश के पृथ्वीपुर से सवारियों को लेकर एक स्लीपर बस मड़ावरा के रास्ते इंदौर जा रही थी। अभी बस कस्बा मड़ावरा के पास स्थित एक पेट्रोप पंप के पास पहुंची थी। तभी बस ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे बाइक पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोग भागकर मौके पर पहुंचे और तीनों घायलों को लेकर मड़ावरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने तीनों के शरीर का परीक्षण करने के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना पर मड़ावरा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। मृतकों की पहचान जयदेव (30) पुत्र रमेश निवासी हिलगन बम्होरी थाना गिरार, आलोक (18) पुत्र पप्पू निवासी ग्राम बम्हौरीकलां थाना मड़ावरा, राजकुमार (19) पुत्र अशोक निवासी पिपरिया जागीर थाना पाली के रूप में हुई है।
बताया गया कि मृतक आलोक अपने दोनों रिश्तेदारों के साथ नई बाइक पर सवार होकर घर से मड़ावरा आ रहे थे। पुलिस ने बस को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। सूचना पर मृतकों के परिजन मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की। थाना मड़ावरा प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बस को कब्जे में ले लिया गया है और आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।