ललितपुर-महरौनी मार्ग पर शुक्रवार देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक सेल्समैन की मौत हो गई। मिर्चवारा गांव के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को ग्रामीणों ने मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है।
मृतक की पहचान महरौनी निवासी 44 वर्षीय राजेश पुत्र गोकुल प्रसाद के रूप में हुई है। राजेश ललितपुर के नदीपुरा स्थित शहजाद नदी के पास एक शराब की दुकान पर सेल्समैन के रूप में कार्यरत थे। शुक्रवार रात करीब 10:15 बजे वह बाइक से अपने घर महरौनी के लिए निकले थे। रात करीब 11:30 बजे जब वह मिर्चवारा गांव के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायल अवस्था में राजेश ने अपने परिचितों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें मेडिकल कॉलेज ललितपुर पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।