नेशनल हाईवे- 44 पर बिरधा के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें बाइक चालक गल्ला व्यापारी की मौत हो गई। व्यापारी मध्य प्रदेश के मालथौन से एक शादी कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहा था।
विज्ञापन
शहर के मोहल्ला पिसनारी निवासी 68 वर्षीय राजकुमार साहू बृहस्पतिवार को मध्य प्रदेश के सागर जिले के मालथोन कस्बे में अपनी भतीजी के ससुराल में आयोजित शादी समारोह में शामिल होकर रात करीब 8 बजे लौट रहा था। जैसे ही वह नेशनल हाईवे 44 पर ग्राम बिरधा के पास पहुंचा था। तभी तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे राजकुमार गंभीर घायल हो गया। पुलिस ने घायल को मेडिकल कालेज पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि मृतक राजकुमार साहू के तीन पुत्रियां और एक पुत्र है। वह नवीन गल्ला मंडी में गल्ला खरीदने का काम करता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।