खेत पर काम करते समय थाना पाली अंतर्गत ग्राम निवाई निवासी 40 वर्षीय अशोक को रविवार को सांप ने डस लिया। परिजन उसकी इलाज कराने के बजाए झाड़फूंक कराने में जुटे रहे। मध्य प्रदेश स्थित धार्मिक स्थल पर झाड़-फूंक के लिए ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की।
मृतक के भाई प्रमोद कुमार ने बताया कि रविवार की दोपहर को उसका बड़ा भाई अशोक खेत पर काम करने गया था। यहां उसे सांप ने डस लिया। रात करीब 8 बजे जब वह घर वापस लौटकर आया तो बताया कि उनको किसी जहरीले कीड़े ने काट लिया है। वह लोग अशोक की आसपास गांव क्षेत्रों में झाड़फूंक को ले गए और यहां झाड़फूंक कराई। लेकिन हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। जिसके बाद वह लोग उनको लेकर मध्य प्रदेश स्थित एक धार्मिक स्थल पर झाड़-फूंक के लिए ले जा रहे थे कि रास्ते में अशोक की मौत हो गई। परिजनों शव लेकर घर लौट आए और घटना की सूचना थाना पाली पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की। मृतक के भाई ने सांप के डसने से मौत होने की बात कही।
मृतक दो भाई और दो बहनों में दूसरे नंबर का था और उसके एक पुत्र व एक पुत्री है। थाना पाली प्रभारी निरीक्षक दीपक कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।