स्थानीय लोगों के विरोध के चलते ललितपुर में सेंट्रल जेल के निर्माण का प्रस्ताव शासन ने निरस्त कर दिया है। उसके स्थान पर अब जिला कारागार का निर्माण होगा। लोक निर्माण विभाग ने जिला कारागार का एस्टीमेट तैयार कर शासन को भेज दिया है। मंजूरी मिलते ही इसका निर्माण शुरू कराया जाएगा।
जिला मुख्यालय से करीब आठ किमी. दूर ग्राम बुढ़वार में 100 एकड़ जमीन पर सेंट्रल जेल बनाने की मंजूरी दी गई थी। लोक निर्माण विभाग की भवन शाखा ने इसकी डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार कर शासन को प्रेषित कर दी थी। वहीं, सेंट्रल जेल के बनने की खबर से ललितपुरवासियों की नींद उड़ गई थी। उनका मानना था कि सेंट्रल जेल बनने की वजह से अन्य जनपदों के दुर्दांत अपराधी यहां लाए जाएंगे। इससे जिले में अपराध का ग्राफ बढ़ेगा। उन्होंने इसके निर्माण पर प्रशासन के माध्यम से आपत्ति दर्ज कराई थी। इसके बाद काफी समय तक यह मामला शासन में लटका रहा। अब शासन ने ललितपुर में सेंट्रल जेल के निर्माण के प्रस्ताव को खारिज करते हुए यहां एक और 552 कैदियों की क्षमता वाले जिला कारागार के निर्माण का निर्णय लिया है। नए जिला कारागार में सुरक्षा के इंतजाम भी बेहद तगड़े किए जाएंगे। कुछ बैरक ऐसी होंगी, जिसमें उच्च सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।