घर से चौबीस घंटे से लापता चल रहे मोहल्ला नेहरू नगर निवासी अनिल (28) का शव बृहस्पतिवार की देर शाम बुढवार रोड़ पर स्थित पत्थर खदान में अर्द्धनग्न अवस्था में पड़ा मिला। उसके गले व शरीर में चोट के निशान मिले हैं। जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। वह घर से मजदूरी करने के लिए बुधवार को निकला था। इसके बाद वह वापस लौटकर नहीं आया था।
बृहस्पतिवार की शाम को मोहल्ला नेहरू नगर निवासी मनोहर लाल कोतवाली सदर में अपने पुत्र अनिल की गुमशुदगी दर्ज कराने को आया। यहां उसने एक शिकायती पत्र देते हुए बताया कि उसका 28 वर्षीय पुत्र बुधवार को घर से मजदूरी के लिए निकला था। इसके बाद वापस लौटकर नहीं आया। उसका फोन लगाने पर घंटी जा रही है, लेकिन रिसीव नहीं हो रहा है। मनोहर की बात सुनकर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने सर्विलांस पुलिस की मदद से मोबाइल फोन की लोकेशन को देखा। मोबाइल फोन की लोकेशन बुढवार रोड़ पर स्थित पत्थर खदानों के आसपास की थी।
इसके बाद पुलिस टीम और युवक के परिजन लोकेशन के आधार पर मौके पर पहुंचे। यहां पत्थर खदान में अनिल का शव अर्द्धनग्न अवस्था में पड़ा हुआ था। उसके गर्दन व शरीर पर चोट के निशान थे। सूचना पर एसपी मोहम्मद मुश्ताक, अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह, एसओजी और फॉरेंसिक जांच टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। युवक की हत्या की गई है या वह किसी हादसे का शिकार हुआ है इसको लेकर पुलिस जांच में जुटी हुई है।
अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। घटना स्थल से महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।