तालबेहट/बिजरौठा (ललितपुर)। कोतवाली के अंतर्गत ग्राम सभा बिजरौठा के जंगल में झाड़ियों से महिला का शव बरामद हुआ। शरीर पर चोट और गर्दन में धोती का फंदा देख महिला के बेटों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला अपने परिवार से अलग रह रही थी।
ग्राम सभा बिजरौठा के मजरा पारा निवासी सोना (50) पत्नी स्व. छोटेलाल सहरिया के पांच बेटे और एक बेटी है। पति की मौत के कुछ समय बाद पारिवारिक कारणों के चलते वह अपने बेटों से अलग रहने लगी थी। बेटों के मुताबिक रविवार की रात गांव के एक व्यक्ति ने उन्हें वादीवर तिगैला के निकट झाड़ियों में एक महिला का शव फंसा होने की सूचना दी। इस पर गांव के कुछ लोगों के साथ वह लोग भी मौके पर पहुंचे थे तो वहां उनकी मां सोना का शव पड़ा मिला। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के बेटे नंदू ने पुलिस को तहरीर देकर हत्या की संभावना जताई है। इधर, पोस्टमार्टम कराने आए बेटे संतराम ने बताया कि मां के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं और गले में धोती कसी हुई थी। प्रभारी निरीक्षक कामता प्रसाद का कहना है कि मामले की जांच चल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।