कुए में गिरी महिला को चारपाई पर लिटाकर बाहर निकालते लोग
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। शहर कोतवाली के मोहल्ला नेहरूनगर में मंदिर गई एक महिला फूल तोड़ने के दौरान असंतुलित हो जाने के कारण पैर फिसलने से कुएं में जा गिरी। मोहल्लेवासियों व नेहरू नगर चौकी पुलिस ने महिला को चारपाई के सहारे बाहर निकाला और उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया।
मोहल्ला नेहरूनगर निवासी कौशिल्या (52) मंगलवार की सुबह करीब साढ़े चार बजे मोहल्ला के मंदिर में दर्शन करने गई। पास में ही स्थित एक कुएं के किनारे लगे फूल तोड़ने के लिए कुएं के पास गई और फूल तोड़ने लगी। इसी दौरान पैर फिसल गया और वह कुएं में जा गिरी। वह मदद के लिए चिल्लाई तो आसपास के लोग एकत्रित हो गए और रस्सी व चारपाई कुएं में डाली। कुछ लोग भी कुएं में उतर गए। इसके बाद रस्सियों के सहारे चारपाई बांध कर महिला को कुएं से बाहर निकाला। गनीमत थी कि कुएं में पानी बहुत कम था। परिजन उसे उपचार के लिए एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार चल रहा है।