ललितपुर। थाना नाराहट के ग्राम इमलिया में हालत बिगड़ने से एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में उपचार के दौरान मौत हो गई। कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना नाराहट के ग्राम इमलिया निवासी कल्पना (25) पत्नी बलराम का घर में ससुरालियों से घरेलू बातों को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। इसी के चलते उसका पति बलराम भी घर से दूर उरई क्षेत्र के एट में मजदूरी करने चला गया और वहीं रहता था। महिला अपने बच्चों के साथ घर पर ही रह रही थी, बीते तीन दिनों से कल्पना की तबीयत खराब रहने लगी, जिस पर उसके देवर ने उसके पति से बात करके उसे अस्पताल में जाकर इलाज कराया। बीते रोज सोमवार को सुबह कल्पना की हालत फिर से बिगड़ गई, जिस पर उसके ससुरालीजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी मिलने पर मऊरानीपुर के धनाई तेजपुरा निवासी उसके मायके पक्ष के लोग भी जिला अस्पताल पहुंच गए और उसकी मामला संदिग्ध बताया। जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की शादी करीब आठ वर्ष पहले हुई थी और उसका दो बेटे हैं। मृतका के पिता ने आरोप लगाते हुए बताया कि उसकी बेटी के ससुराली उसे काफी दिनों से परेशान करते थे और उसे आशंका है कि उसकी बेटी की मौत सामान्य नहीं है।