संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मुंडेर के पास खड़ा मजदूर असंतुलित होकर कुएं में गिर गया। गांव के लोगों ने उसे बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया, यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली अंतर्गत ग्राम करगन निवासी सीताराम अहिरवार (40) सोमवार सुबह 9 बजे गांव के एक व्यक्ति के खेत पर फसल काटने गया था। दोपहर तक फसल कटाई की। इस दौरान सीताराम की तबीयत बिगड़ने लगी तो वह खेत पर ही बैठकर आराम करने लगा। शाम को वह पैदल घर की ओर जा रहा था। रास्ते में गांव के ही प्रकाश सेन के कुआं पर चला गया और यहीं मुंडेर पर खड़ा हो गया। अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और कुएं में गिर गया।
गांव के लोगों ने सीताराम को बाहर निकाला। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की एक पुत्री है और वह पांच भाई-चार बहन में सबसे बड़ा था। भूमिहीन होने के कारण मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करता था।