ललितपुर। राजस्थान के कोटा में कोचिंग करने वाले छात्र-छात्राएं वापस आ गए हैं। इनके सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने तक सभी को तालबेहट में क्वारंटीन में रखा गया है। रिपोर्ट के बाद अगला कदम उठाया जाएगा। रविवार को आठ लोगों के सैंपल लिए गए हैं।
देश में कोरोना की चेन तोड़ने को लगाए गए लॉकडाउन से कई विद्यार्थी कोटा में फंस कर रह गए थे, जिन्हें प्रदेश की सरकार ने वापस लाने का फैसला किया। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों को वापस लाने के लिए भेजा गया था। बस में सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने के लिए एक बस में अधिकतम 15 लोगों के बैठने की सुविधा की गई थी।
कोटा से छात्र-छात्राओं को वापस लेकर बसें शनिवार को जिले में पहुंची। जहां पर सभी बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य तालबेहट में स्थापित आइसोलेशन वार्ड के चिकित्सकों द्वारा 36 छात्र-छात्राओं के सैंपल लिए गए और जांच के लिए महारानी लक्ष्मीबाई मेडीकल कॉलेज झांसी भेजे गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा वापस आए छात्र-छात्राओं को रिपोर्ट आने तक तालबेहट में क्वारंटीन में रखा गया है। रिपोर्ट आने के बाद अगला कदम उठाया जाएगा।
रविवार को जांच को भेजे आठ सैंपल
जनपद में बाहर से आए लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजने का सिलसिला जारी है। जांच रिपोर्ट आने तक सभी को क्वारंटीन में रखा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। रविवार को आठ लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।
जनपद में बाहर से आए अभी तक के लोगों के रिपोर्ट निगेटिव आई है। कोटा से लौटे 36 छात्र- छात्राओं के सैंपल जांच को भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- डा. प्रताप सिंह
मुख्य चिकित्सा अधिकारी