महरौनी (ललितपुर)। दिगंबर जैन पंचायत महरौनी के त्रिवार्षिक चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। रविवार को नामांकन वापसी के बाद चुनाव की स्थिति काफी हद तक स्पष्ट हो चुकी है। अध्यक्ष सहित अन्य कई पदों पर निर्विरोध चुनाव संपन्न हो गया। जबकि अन्य शेष तीन पदों पर चुनाव के लिए छह मार्च को मतदान प्रक्रिया संपन्न होगी। कोमल चंद्र सिंघई तीसरी बार जैन समाज के अध्यक्ष पद पर काबिज हुए हैं। तीन सदस्यीय निर्वाचन समिति मुख्य निर्वाचन अधिकारी धन्य कुमार जैन, निर्वाचन अधिकारी अरविंद कुमार और पुष्पेंद्र चौधरी की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया चल रही है।
निर्वाचन अधिकारी अरविंद कुमार के अनुसार अध्यक्ष पद पर कोमलचंद्र सिंघई के विरोध में कोई नामांकन दाखिल नहीं हुआ और वह निर्विरोध अध्यक्ष बने। वहीं, उपमंत्री सुनील कुमार जैन, आय-व्यय निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंघई एवं सुबोध कुमार जैन, निर्माण मंत्री अभिषेक जैन सहित सर्वतोभद्र अतिशय क्षेत्र संयोजक राजेश कुमार मलैया, व्यवस्थापक पंकज कुमार सिंघई, श्री चंद्रप्रभु जिनालय संयोजक अभय कुमार जैन, व्यवस्थापक देवेंद्र कुमार जैन, श्री शांतिनाथ जिनालय के संयोजक जिनेंद्र कुमार और व्यवस्थापक कैलाश चंद्र सर्राफ निर्विरोध चुने गए।