ललितपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के बिरधा चौकी अंतर्गत ग्राम खड़ेरा में एक रात में चार घरों में डेढ़ लाख रुपये की नकदी और लाखों के जेवर उड़ा ले गए। चोर दीवारों पर सीढ़ी लगाकर घरों के अंदर घुसे थे और कुंडियां काटकर चोरी कर ले गए।
ग्राम खड़ेरा निवासी कोमल कुशवाहा बताया कि रात करीब ग्यारह बजे वह अपने खेत के पास सो रहा था और उसके लड़के मकान की छत पर सो रहे थे। सुबह करीब पांच जब उनकी नींद खुली तो वह घर पहुंचा। उसका दरवाजा खुला हुआ था। घर के अंदर सामान अस्त- व्यस्त पड़ा था। अंदर देखा तो अस्सी हजार रुपये नकद, पांच करधौनी, पांच जोड़ी पायलें चांदी की, एक बंद गले का हार सोने का, एक गले की खगोरिया (हंसली) चांदी की गायब थी। घर के बाहर निकला तो देखा कि दीवार के किनारे सीढ़ी लगी थी और दरवाजे की कुंडी कटी थी।
इसी दौरान पता चला कि पड़ोस में रहने वाले किशोरी कुशवाहा पुत्र अतल के घर भी चोरी हा ेगई है। उसके घर से बीस हजार रुपये नकदी, एक करधौनी चांदी की व एक जोड़ी चांदी की पायल, मंगलसूत्र व पांचाली एक तोला चोरी हो गई।
इसके अलावा गांव में देशराज कुशवाहा पुत्र फूलचंद के घर से भी चोरों ने कुंडी काटकर दस हजार रुपये नकद, दो जोड़ी पायलें, दो करधौनी चांदी की चोरी हो गईं। उसी रात गांव के नंदलाल कुशवाहा पुत्र रल्ली के घर की दीवाल फांदकर अज्ञात चोरों ने 32 हजार रुपये नकदी, एक हाफपेटी व एक जोड़ी पायलें चांदी की, मंगलसूत्र सोने का चोरी कर ले गए हैं। तहरीर मिलने पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।