पुलिस अधीक्षक ने जन चौपाल के माध्यम से बताए साइबर अपराध से बचाव के उपाय, जरूरतमंदों को बांटे कंबल
संवाद न्यूज एजेंसी
गदयाना। ग्राम पंचायत में साइबर फ्राड जन-जागरुकता अभियान के अंतर्गत चौपाल का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक ने की। श्री स्याद्वाद इंटर काॅलेज में आयोजित कार्यक्रम में एसपी ने साइबर अपराधों को देखते हुए लोगों को जागरूक किया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मोबाइल पर आने वाले फर्जी लुभावने नौकरी के विज्ञापन को लेकर सचेत रहें। लोग लालच देकर लॉग ऑन करवाते हैं लेकिन खाता खाली हो जाता है। उन्होंने बताया कि कुछ लोग वीडियो काल करके आपकी फोटो को कहीं दूसरी जगह एड करके आपको ब्लैकमेल करते हैं। सोशल साइट व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी को हमेशा लॉक कर रखें, जिससे यह साइबर फ्राड करने वालों तक न पहुंच सके। अपने फोन में टू स्टेप वेरीफिकेशन के साथ पासवर्ड मजबूत रखें। बैंक खाता और पर्सनल जानकारी किसी को भी शेयर न करें। कोई भी डिजिटल अरेस्ट नहीं होता, इसके लिए हमेशा सतर्क रहें। हर थाने में महिला हेल्प डेस्क की स्थापना है, मदद के लिए 112 एवं 1930 पर डायल कर पुलिस से मदद ले सकते हैं।
उन्होंने गांव में अपराध स्तर बहुत ही कम और गांव में शराब के बेचे जाने पर प्रतिबंध लगाने की उन्होंने सराहना की। आत्महत्या के प्रकरण पर उन्होंने कहा कि बच्चों को अपने माता-पिता से हर बात शेयर करनी चाहिए्, यही आपके सबसे अच्छे मित्र हैं। माता पिता की भी जिम्मेदारी बनती है कि समय-समय पर बच्चों के साथ संवाद करें। पुलिस अधीक्षक ने गांव के लोगों की समस्याओं को भी सुना और तत्काल कार्रवाई करने के लिए थाना अध्यक्ष को आदेश दिया। उन्होंने चौपाल पर आईं बुजुर्ग महिलाओं को कंबल वितरित किए। इस दौरान क्षेत्राधिकारी रक्षपाल सिंह, थानाध्यक्ष बार अजमेर सिंह भदौरिया, उपनिरीक्षक ज्ञान सिंह, भारतीय किसान यूनियन के मंडल उपाध्यक्ष कीरत सिंह, पहाड़सिंह, अनुज भार्गव आदि मौजूद रहे।