ललितपुर। मुख्य विकास अधिकारी/प्रभारी जिलाधिकारी अनिल कुमार पांडेय ने कोविड अस्पताल में मरीजों की संख्या के अनुसार भोजन उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए। साथ ही, होम आइसोलेशन वाले मरीजों से दिन में तीन बार फोन से संपर्क करने और निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
कलक्ट्रेट सभागार में कोविड-19 कोर कमेटी की बैठक की अध्यक्षता प्रभारी जिलाधिकारी ने की। उन्होंने होम आइसोलेशन के मरीजों से दिन में तीन बार फोन से संपर्क कर निगरानी करने के निर्देश दिए। कंटेंमेंट जोन व सैनिटाइजेशन में पाया कि 14 घरों में मात्र चार घरों को बैरीकेड कर कंटेंमेंट जोन बनाए गए। इस पर अधिशासी अधिकारी को शेष घरों को शीघ्र बैरीकेड कराने और डीपीआरओ को ग्रामीण क्षेत्रों में सघन सैनेटाइजेशन कराए जाने व मुनादी कराए जाने के निर्देश दिए।
सर्विलांस में बताया कि विकासखंड बिरधा के ग्राम बारौद, मैनवार, पड़ना व पारौन में आशाएं नहीं जा रही हैं। जिस पर गांव में आशाओं से सर्वे कराए जाने के भी निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी वि/रा अनिल कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रजनीश राय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. डीके गर्ग, सीएमएस डॉ. अमित चतुर्वेदी, डॉ. हरेंद्र सिंह चौहान, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. जेएस बक्शी आदि अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।