घंटाघर पर करवा चौथ पूजा के लिए करवा बेचती युवती
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। पति की दीर्घायु की कामना को लेकर किए जाने वाले भारतीय परंपरा के कठिन व्रतों में से एक है करवा चौथ। इस मौके पर महिलाएं नई साड़ियां पहनती हैं और सोलह श्रृंगार करती हैं। इसे लेकर बाजार में करवा की बिक्री शुरू हो गई है। बाजार में तरह- तरह के करवे आए हैं। महिलाओं की भीड़ चूड़ी, बिंदी और श्रृंगार का सामान खरीदने को उमड़ रही है। आभूषण बाजार भी सजने लगा है। स्वर्णकारों ने लोगों की मांग को देखते हुए नए- नए गहने मंगाए हैं। बाजार में टर्कीस सोने के गहनों की डिमांड अधिक है।
कटरा बाजार, घंटाघर रोड और नझाई बाजार में कई दुकानों पर श्रृंगार का सामान खरीदने के लिए महिलाओं की भीड़ लग रही है। गहने खरीदने के लिए महिलाओं में अधिक उत्सुकता है। दिखने में भारी लगने वाला और भड़काऊ सोना टर्किस की डिमांड अधिक है, क्योंकि इसके आभूषण हल्के होते हैँ और वजनदार दिखते हैं। इससे बनने वाले गहनों में डिजाइन भी अच्छी उभरकर आती है। ज्वैलर्स विक्की जैन ने बताया कि लॉकडाउन में शादी विवाह नहीं होने से व्यवसाय लगभग ठप है लेकिन अब इसमें रौनक आने लगी है। हालमार्क गहनों पर लोग विश्वास कर रहे हैं।
नई- नई डिजाइनों के आभूषणों से बाजार तो सजा है, पर इस बार टर्किस सोने के झुमके काफी आकर्षक हैं। मैं करवा चौथ पर पति से उसी की डिमांड करूंगी।
- मीनाक्षी
इस बार करवा चौथ पर मुंबइया स्टाइल की साड़ियां आकर्षित कर रही हैं। नए वस्त्र पहनने के लिए उसी की खरीदारी करूंगी।
- सुधा तिवारी
चंदेरी साड़ियां यहां की खास पहचान हैं। इस बार चंदेरी साड़ी खरीदूंगी और पहनकर करवा चौथ का व्रत करूंगी।
- ऋतु