संवाद न्यूज ब्यूरो
बांसी। श्रावण के पावन सोमवार को कस्बा बांसी में भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। कस्बे के बड़ा तालाब स्थित श्री हजारिया महादेव मंदिर से कांवड़ियों की एक बड़ी टोली कांवड़ लेकर झूमरनाथ धाम के लिए रवाना हुई। श्रद्धालुओं ने सर्वप्रथम हजारिया महादेव का जलाभिषेक कर आरती की। इसके बाद ढोल-नगाड़े, गाजे-बाजे और डीजे की धुन पर हर हर महादेव और बोल बम के जयकारों के साथ कांवड़ यात्रा शुरू हुई। विशेष बात यह रही कि यात्रा के दौरान तेज बारिश भी होती रही, लेकिन शिवभक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ। भींगते हुए भी श्रद्धालु भोले बाबा के नाम का जाप करते हुए करीब 25 किमी पैदल चलकर झूमरनाथ धाम पहुंचे और वहां भोले बाबा का जलाभिषेक किया। कांवड़ यात्रा में टिंकू गुप्ता, शैलू गुप्ता, ऋषभ सुमन, आनंद गुप्ता शामिल रहे।