संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। उत्तर प्रदेश साहित्यसभा के तत्वावधान में भारतरत्न अटल विहारी वाजपेयी की पुण्यस्मृति में विशाल कवि सम्मेलन का आयोजन डाॅ. रोहित साहू की क्लिनिक पर हुआ। कार्यक्रम के शुभारंभ पर प्रकाश साहू एवं ऋषि साहू ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित किया। सरस्वती वन्दना कवि सुदेश सोनी ने पढ़कर सुनाई। उत्तर प्रदेश साहित्यसभा के कार्यवृत्त, उद्देश्य एवं आगामी कार्यक्रमों का विस्तृत विवरण संस्था के मंत्री कवि शीलचन्द्र जैन शास्त्री ने प्रस्तुत किया। वहीं कवियों ने सर्वप्रथम अटल बिहारी वाजपेई के चित्र के समक्ष पुष्प अर्पित कर अपनी भावभीनी विनयांजली प्रस्तुत करते हुए उनके जीवन पर प्रकाश डाला। इस मौके पर कवियत्री दीपमाला झा, नीरज द्विवेदी, रामस्वरूप अनुरागी, पंकज विश्वकर्मा, शीलचंद्र जैन, जहीर ललितपुरी, वीरेन्द्र विद्रोही, जीत गुप्ता ने एक से बढ़कर एक कविताएं प्रस्तुत कीं।