ललितपुर। जिला पंचायत सदस्य के मतों की गिनती दो मई को हो चुकी थी। लेकिन, जीते हुए जिला पंचायत सदस्यों के मंगलवार देर रात तक प्रमाण पत्र नहीं दिए गए।
विजयी प्रत्याशियों ने बताया कि केवल तीन सदस्यों को सोमवार की देर शाम प्रमाण पत्र सौंपे गए। इसके बाद सभी जीते हुए सदस्यों के प्रमाण पत्र रोक दिए गए हैं। जीते सदस्यों ने आशंका जताई है कि कहीं गड़बड़ी हो सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के दबाव में प्रमाण पत्र नहीं दिए जा रहे हैं। बताया कि सोमवार को दिन भर इंतजार कराने के बाद मंगलवार की सुबह का आश्वासन दिया था। मंगलवार को देर रात तक इंतजार किया, लेकिन प्रमाण पत्र नहीं दिए गए। अब बुधवार सुबह का आश्वासन दिया है। सदस्यों का कहना कि जब वह लोग भारी मतों से विजयी हुए हैं तो प्रमाण पत्र क्यों नहीं दिए जा रहे हैं, जबकि प्रमाण पत्र तैयार रखे हुए हैं।