ग्राम गौना-कुसमाड़ में श्मशान घाट की छत का मानक विहीन निर्माण किए जाने एवं काम में लापरवाही बरतने के चलते तीन बीम गिरकर क्षतिग्रस्त होने के मामले में जिलाधिकारी के निर्देश पर थाना सौजना पुलिस ने दो अभियंताओं और ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। बीम गिरने पर तीन दिन तक मामला छिपा रहा, सोशल मीडिया पर मामला वायरल होने पर शुक्रवार को सभी को इसकी जानकारी हुई।
जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी संतोष कुमार सिंह ने थाना सौजना पुलिस को तहरीर देकर बताया कि थाना सौजना के अंतर्गत ग्राम गौना (कुसमाड़ के पास) में जिला पंचायत द्वारा मुक्तिधाम (श्मशान) का निर्माण का कार्य कराया जा रहा है, इसका कार्य ठेकेदार प्रमोद कुमार जैन निवासी ग्राम पाह के नाम पर स्वीकृत है। इसका आदेश जिला पंचायत कार्यालय द्वारा निर्गत किया गया था, आदेश में कार्य मानक के अनुरूप कराने का दायित्व अवर अभियंता आनंद नारायण एवं अभियंता मोतीलाल को सौंपा गया था।
लेकिन काम के दौरान यहां पिलर बनाकर जो बीम डाली गईं थीं, वह टूटकर गिर गई और बड़ा हादसा होने से बच गया। मामला इसकी जानकारी होने पर अवर अभियंता आनंद नारायण एवं अभियंता मोतीलाल द्वारा बीम को तोड़ने का निर्देश दिया गया। लेकिन इस मामले में ठेकेदार को निर्माण कार्य को मानक के अनुरूप न करने का दोषी पाया गया। साथ ही माना गया कि अवर अभियंता आनंद नारायण एवं अभियंता मोतीलाल ने ड्यूटी में लापरवाही बरती।
मामले को जिलाधिकारी अन्नावि दिनेश कुमार ने दोषियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराए जाने के निर्देश दिए थे। थाना सौजना पुलिस ने अपर मुख्य अधिकारी की तहरीर के आधार पर ठेकेदार प्रमोद कुमार जैन, अवर अभियंता आनंद नारायण और अभियंता मोतीलाल के खिलाफ धारा 166 एवं धारा 427 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
गौना-कुसमाड़ में श्मशान घाट के निर्माण के दौरान मानक विहीन कार्य होने और लापरवाही की वजह से बीम क्षतिग्रस्त होने का मामला सामने आया है। इस मामले में जिला पंचायत के अभियंता, अवर अभियंता एवं ठेकेदार के खिलाफ सौजना थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
-अन्नावि दिनेश कुमार, जिलाधिकारी, ललितपुर