तालबेहट। शनिवार को संयुक्त निदेशक झांसी मंडल डॉ. आरके सोनी ने सीएचसी तालबेहट, कड़ेसराकलां के हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर सहित रानीपुरा, लखनपुरा बांसी और जिला मुख्यालय पर तालाबपुरा में संचारी रोग नियंत्रण एवं टीकाकरण अभियान की समीक्षा की। कमियां मिलने पर जिम्मेदारों को कड़ी फटकार लगाई।
बताते चले कि शनिवार को अमर उजाला के अंक में पेज संख्या दस पर ओपीडी में नहीं मिल रहे डॉक्टर, मरीज भटक रहे, शीर्षक से खबर प्रकाशित की है। शनिवार को सबसे पहले संयुक्त स्वास्थ्य निदेशक डॉ. आरके सोनी ने ग्राम कड़ेसराकलां के हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर का औचक निरीक्षण किया। जिस पर ग्रामीणों ने बताया कि उक्त केंद्र अक्सर बंद रहता है। जिससे जनता को परेशानी का सामना करना पड़ता है। जिस पर उन्होंने सेंटर के जिम्मेदारों को कड़ी फटकार लगाते हुए नियम से कार्य करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने गांव में टीकाकरण एवं संचारी रोग नियत्रंण अभियान की समीक्षा की। इस मौके पर ग्राम प्रधान ज्ञान सिंह यादव मौजूद रहें। इसके बाद उन्होंने सीएचसी तालबेहट का औचक निरीक्षण किया। मौके पर कमियां मिलने पर जिम्मेदारों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने खांदी के रानीपुरा में संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा लखनपुरा बांसी में टीकाकरण अभियान की समीक्षा की। इस दौरान उन्हें आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का कार्य संतोष जनक मिला। लेकिन साफ सफाई में कमी नजर आई। जिला मुख्यालय पर तालाबपुरा में एचडब्लूसी कार्य का निरीक्षण किया। जिसमें कमियां मिलने पर जिम्मेदारों को दो दिन में रिकार्ड सही करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मलेरिया प्रभारी डॉ.मुकेश जौहरी, नोडल अधिकारी रामनरेश सोनी, डॉ. फिरोज अलाम आदि मौजूद रहे।