ललितपुर। नृसिंह मंदिर तालाबपुरा के पास एक ठेकेदार ने जेसीबी से नाली खुदाई के दौरान आधा दर्जन वार्डों को पेयजल पहुंचाने वाली तीस इंच मोटी पाइप लाइन को क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे मुहल्लेवासियों को पानी के लिए परेशान होना पड़ा। सोमवार की शाम तक अधिकांश काम कर लिया गया है। मंगलवार से पानी पहुंचाने का काम सुचारु हो जाएगा। नगरीय सीमा में जल संस्थान नगर को दो भागों में बांटकर जलापूर्ति करने का काम करता है। नगर के विभिन्न स्थानों पर बनी छह टंकियों में पानी चढ़ाने के बाद 10 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को सुबह पानी पहुंचाया जाता है। लेकिन, शनिवार की शाम तालाबपुरा स्थित नृसिंह मंदिर के आगे जेसीबी से नाली खुदाई के दौरान बीस इंच की मुख्य पाइप लाइन को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इससे हजारों लीटर पानी बर्बाद हो गया। वहीं, रविवार की सुबह मुहल्ला चौबयाना, लक्ष्मीपुरा, नदीपुरा, सरायपुरा सहित अन्य मुहल्लों में पानी नहीं पहुंचा। हालांकि, जल संस्थान के अधिकारियों की इसकी जानकारी होने पर सुधारने का काम शुरू कर दिया गया। लेकिन, रविवार की शाम तक आधा दर्जन काम पूर्ण नहीं कर सके। सोमवार को अधिकारियों की मौजूदगी में फिर से काम शुरू किया गया। वेल्डिंग मशीनों की सहायता से लीकेज को ठीक किया गया। शाम होते- होते काम पूर्ण कर लिया गया। इस बीच जल संस्थान के कर्मचारियों को जानकारी मिली कि मवेशी बाजार में भी खुदाई के दौरान पाइप लाइन को क्षतिग्रस्त कर दिया है। इससे मुहल्ला मवेशी बाजार, रावतयाना प्रथम एवं द्वितीय सहित अन्य इलाकों में पानी की समस्या खड़ी हो गई।
जारी किया जाएगा नोटिसजल संस्थान के अधिशासी अभियंता आर एस चौधरी की मानें तो नगर में विभिन्न कार्यदायी संस्थाएं नाली निर्माण के साथ सड़कों का जाल बिछा रही हैं। लेकिन, नगर में खुदाई से पहले जल संस्थान की पाइप लाइन की जानकारी नहीं ली जाती है, जिससे खुदाई के दौरान पाइप लाइनें क्षतिग्रस्त होती हैं। ऐसी स्थिति में जनता को परेशानी होती है और विभागीय नुकसान भी होता है। तालाबपुरा व मवेशी बाजार में पाइप लाइन क्षतिग्रस्त करने वाले संबंधित ठेकेदार की जानकारी ली जा रही है। इसके बाद नोटिस जारी किया जाएगा, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाएं न हो सकें।
जेसीबी से खुदाई में तालाबपुरा के बाद मवेशी बाजार में पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हुई है। इससे पेयजल की बर्बादी के साथ हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। सोमवार की शाम तक अधिकांश लाइन को ठीक कर लिया गया है। मंगलवार से पानी पहुंचाने का काम किया जाएगा। - वीके श्रीवास्तव, सहायक अभियंता जल संस्थान