प्रधानमंत्री की पत्नी जशोदाबेन और भाजपा नेता ज्वाला पटेल।
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पत्नी जशोदाबेन का ललितपुर में आगमन हुआ। इस दौरान उनका स्वागत हुआ। वह मोहल्ला लक्ष्मीपुरा स्थित जयनारायण साहू के यहां करीब दो घंटे रुकीं। इसके बाद जयनारायण साहू की बेटी को शादी की सालगिरह पर आशीर्वाद प्रदान किया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार को जशोदाबेन जिला मुख्यालय स्थित मोहल्ला लक्ष्मीपुरा में जय नारायण साहू के घर पहुंची। वह महोबा और चित्रकूट से लौटते समय ललितपुर दोपहर में सवा दो बजे के आसपास आईं। इस दौरान जशोदा बेन, उनके भाई अशोक व उनकी पत्नी, पीआरओ ओमप्रकाश नरवरिया एवं हर्षित साहू साथ रहे। जैसे ही उनका काफिला लक्ष्मीपुरा में रुका, जयनारायण साहू, उनके परिजन व मित्रों ने पुष्प वर्षा की। जशोदा बेन ने जनपद के लोगों की प्रशंसा की। उधर, जयनारायण साहू ने बताया कि उनकी बेटी की शादी की वर्षगांठ पर वह आशीर्वाद देने के लिए आई थीं। वह घर पर करीब दो घंटे तक रुकी रहीं। भाजपा के ज्वाला पटेल नेताजी ने बताया कि वह दिन में एक बार ही भोजन ग्रहण करती हैं, उन्हें बगैर लहसुन व प्याज का भोजन पसंद है। उन्होंने भोजन ग्रहण करने से पहले भगवान को प्रसाद लगाया। भोजन करने के बाद वह मध्य प्रदेश के शिवपुरी के लिए रवाना हो गई। वह दूसरी बार ललितपुर आई हैं। इससे पूर्व वह दो साल पहले आई थीं, उस दौरान भी वह जयनारायण के लिए यहां रुकी थीं। वह काफी मिलनसार हैं और सादगी से रहना पसंद करती हैं। जशोदा बेन की सुरक्षा के लिए स्थानीय पुलिस मुस्तैद दिखी। जब तक वह ललितपुर में रुकीं, तब तक पुलिस बल उनके साथ रहा।