अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। श्री रामलीला हनुमान जयंती महोत्सव समिति के प्रतिनिधि मंडल ने गुरुवार को डीएम व एसपी सहित अन्य अधिकारियों को ज्ञापन देकर 14 सितंबर से जल बिहार पर्व मनाए जाने के दौरान व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने की मांग की।
समिति के अध्यक्ष पंडित ब्रजेश चतुर्वेदी ने अफसरों को बताया कि जल विहार पर्व से पहले सभी देवालयों के मार्ग के समतलीकरण व सफाई व्यवस्था जरूरी है। शोभायात्रा रघुनाथ मंदिर से रावरपुरा, सुभाषपुरा, घंटाघर, सावरकर चौक, तालाब पुरा रोड से सुमेरा तालाब घाट एवं जलविहार मैदान तक जानी है। सुमेरा तालाब के बांध एवं घाटों की सफाई एवं बिजली की व्यवस्था आवश्यक है।
प्रबंधक हरविंदर सिंह सलूजा ने कहा कि जिस घाट पर विहार होता है, वहां बोट क्लब बना दिया गया है। बोट क्लब किसी अन्य जगह पर स्थानांतरित किया जाना जरूरी है। पुलिस अधीक्षक को ट्रैफिक व गोताखोर की व्यवस्था कराने के लिए ज्ञापन सौंपा। इस दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्यामाकांत चौबे, उपाध्यक्ष राजेश दुबे, महामंत्री प्रबल सक्सेना, कोषाध्यक्ष अमित तिवारी, मंत्री राकेश तामीया, जगदीश पाठक, चंद्रशेखर राठौर, शिव कुमार शर्मा, भरत रिछारिया, मुन्नालाल त्यागी आदि मौजूद रहे।