ललितपुर। जल संस्थान की मशीनरी ने एक बार फिर धोखा दे दिया, इस कारण मोहल्ला नेहरू नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में जलापूर्ति बाधित हो गई। इस कारण लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
सोमवार का दिन जल संस्थान के अधिकारियों के लिए मुसीबत लेकर आया। दोपहर में नेहरू नगर की टंकी को भरने वाली मोटर शार्ट सर्किट से खराब हो गई। इससे दोपहर 12 बजे से लेकर रात दस बजे तक पंप नहीं चल सके। नतीजा यह हुआ कि आधी टंकी ही पानी से भर पाई। इससे मोहल्ला नेहरू नगर में पानी के लिए संकट पैदा हो गया। केवल आसपास क्षेत्र के लोगों को ही आपूर्ति मिल पाई। वहीं, ऊंचाई वाले क्षेत्र के लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हुए। मोहल्ला नेहरू नगर में रेलवे अस्पताल के पीछे वाली गली सहित अन्य गलियों में पहले दस से पंद्रह मिनट की आपूर्ति हो रही थी, जो अब बंद हो गई है। इसके अलावा कुछ गलियों और बसुरयाना मोहल्ले के आसपास के क्षेत्र में तीन दिन से नलों में पानी नहीं आया है। इस कारण लोगों को कड़ी धूप में पानी के लिए पसीना बहाना पड़ रहा है। वहीं, छोटे- छोटे बच्चों को भी हैंडपंप से पानी भरना पड़ रहा है। कई लोग हाथ ठेला, टैक्सी व साइकिल में खाली कुप्पा बांधकर पानी भर रहे हैं।
वहीं, छह माह से अवरुद्ध पाइपलाइन को प्रभारी अधिशासी अभियंता रहते संजीव कुमार ने ठीक करा दिया था। इसके बाद भी क्षेत्र में पेयजल की समस्या बनी हुई है। अब वर्तमान में जल संस्थान के अधिकारियों के पास रटा रटाया जवाब है कि बिजली कटौती से पानी की टंकी नही भर पाई है, इसलिए आपूर्ति बाधित हो रही है। उधर, साइफन की फुटबाल में मछली का जाल फंसने से ग्रामीण क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति भी बाधित है। इससे बांसी एवं गदयाना सेक्शन में आपूर्ति प्रभावित हो गई है।
-----
ग्रामीण पेयजल के साइफन की मरम्मत करा ली गई है। वहीं, नेहरू नगर की मोटर भी सही करा दी गई है। बिजली की आपूर्ति ठीक रही तो बुधवार से जलापूर्ति सुचारु हो जाएगी।
संजय निरंजन, अधिशासी अभियंता जल संस्थान