ललितपुर। जिला मुख्यालय से जखौरा मार्ग का निर्माण 47.49 करोड़ रुपये से किया जाएगा। सड़क निर्माण के लिए व्यय वित्त समिति की बैठक में सहमति मिल गई है। अब शासन से स्वीकृति के साथ ही बजट का इंतजार किया जा रहा है।
जनपद मुख्यालय से ब्लाॅक जखौरा की दूरी 20 किलोमीटर है। अभी सड़क महज साढ़े तीन मीटर चौड़ाई में बनी है। ब्लाॅक से जिला मुख्यालय को जोड़ने वाली सड़क होने से इस मार्ग से एक दर्जन से अधिक गांव जुड़े हुए हैं। साथ ही सीएचसी से रेफर मरीज मुख्यालय के लिए आते हैं। लेकिन, मार्ग संकरा होने से काफी समस्या आती है।
सदर विधायक ने सड़क के चौड़ीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा था। वहां से एस्टीमेट मांगे जाने पर विभाग ने भेज दिया था। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि शासन से स्वीकृति मिलते ही बजट जारी कर दिया जाएगा। टेंडर प्रक्रिया होने के बाद निर्माण शुरू किया जाएगा। सड़क सात मीटर चौड़ी बनाई जाएगी। इससे वाहनों को ओवरटेक करने में समस्या नहीं होगी। वहीं, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता विनोद कुमार ने बताया कि ललितपुर-जखौरा मार्ग की ईएफसी हो गई है। जल्द ही स्वीकृति मिल जाएगी। संवाद