ललितपुर। कानपुर-बुदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह ने कहा कि हम लोग नगर पालिका अध्यक्ष और मेयर के चुनाव पर ज्यादा जोर देते हैं लेकिन सभासद के मामले में उदासीन रहते हैं। इस बार हम इस पर भी गौर कर रहे हैं कि हमारे सभासद अधिक से अधिक जीत कर आए। वह बृहस्पतिवार को भाजपा कार्यालय में निकाय चुनाव को लेकर आयोजित बैठक में बोल रहे थे।
क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से बूथवार चर्चा करते हुए नए और विलोपित हुए वोटरों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पांच और छह नवंवर को हमारा घर घर संपर्क अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य कागजी कार्रवाई से ज्यादा इन कार्यक्रमों को धरातल पर उतार कर करना है ।इस मौके पर जिलाध्यक्ष राजकुमार जैन,जिला प्रभारी अनिल यादव, श्रमसेवा राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ,सदर विधायक रामरतन कुशवाहा,एमएलसी रमा निरंजन, निकाय चुनाव के क्षेत्रीय संयोजक सुधीर सिंह, स्थानीय निकाय प्रकोष्ठ संयोजक जगदीश सिंह लोधी, नगर पालिका ललितपुर के प्रभारी पवन गौतम, चुनाव संयोजक रमेश कुमार सिंह, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष हरीराम निरंजन, स्थानीय निकाय चुनाव संयोजक अशोक गोस्वामी, बुन्देलखंड विकास बोर्ड के सदस्य प्रदीप चौबे,नगर पालिका अध्यक्ष रजनी साहू आदि मौजूद रहे।
भाजपा में शामिल नहीं हो सके कई प्रमुख लोग
निकाय चुनाव के मद्देनजर भाजपा में कई प्रमुख लोग बृहस्पतिवार को शामिल होना चा हते थे लेकिन उन्हें फिलहाल रोक दिया गया।जिलाध्यक्ष राजकुमार जैन ने बताया कि पार्टी में शामिल होने वालों से कह दिया गया कि वह अपने साथ आने वालों की सूची बनाकर दे दें जिसे प्रदेश अध्यक्ष के पास भेजा जाएगा। उनकी अनुमति मिलने के बाद ही उन्हें पार्टी में शामिल किया जा सकता है। यह मामला राजनैतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना रहा।
तालबेहट। आगामी माह में संभावित निकाय चुनाव में जीत के लिए भाजपा के कानपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह ने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की एक बैठक ली। जिसमें कार्यकर्ताओं में उत्साह भरा और जीत के मंत्र बताते हुए कानपुर क्षेत्र की समस्त सीटों पर जीत का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में बीजेपी बुंदेलखंड-कानपुर मंडल की सभी सीटें जीतेगी। इस जीत के लिए निकाय चुनाव के पदाधिकारी प्रत्येक वार्ड में विभिन्न मोर्चा की टोलियां बनाकर एक वरिष्ठ नेता के साथ संपर्क करेंगे। जिसमें विधायक, सांसद एवं सरकार द्वारा नगर निकाय क्षेत्र में किए गए विकास कार्यो और वार्ड एवं नगर की प्रमुख समस्याओं के निदान का प्रयास करेंगे। नगर की प्रमुख समस्यायाओं के निस्तारण में सभी लोग तत्परता से कार्य करें। प्रत्येक बूथ पर बैठक आयोजित करें और बूथ को फिट करें और जीत को हिट करें। इस मौके पर क्षेत्रीय सह संयोजक निकाय सुधीर सिंह गौर, विधायक रामरतन कुशवाहा, जिला प्रभारी अनिल यादव, जिला अध्यक्ष राजकुमार जैन, निकाय जिला संयोजक रमेश सिंह राजपूत, प्रभारी प्रदीप चौबे, पूर्व जिलाध्यक्ष जगदीश सिंह, जेके सिंह, हरिश्चंद्र रावत, सुशील अग्रिहोत्री, डा0 प्रीतम कुशवाहा, विनोद अगरिया, निकाय चुनाव मीडिया प्रभारी सुनील त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।