संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जिला पंचायत की बैठक में शुक्रवार को किसानों के लिए खाद-बीज की उपलब्धता और खराब सड़कों का मुद्दा प्रमुखता से छाया रहा। सदस्यों ने किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद और बीज उपलब्ध कराने के साथ जर्जर सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग उठाई। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) शेषनाथ सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।
जिला पंचायत सभागार में आयोजित बैठक में सदस्यों ने कहा कि किसानों को समय पर खाद और बीज नहीं मिल पा रहा है। इससे बुआई प्रभावित हो रही है और किसानों को इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। कई बार मजबूरी में उन्हें ऊंचे दामों पर खाद-बीज खरीदना पड़ता है। सदस्यों ने मांग की कि कृषि सीजन को देखते हुए पर्याप्त भंडारण और वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
बैठक में बारिश के दौरान सड़कों की खराब स्थिति का मुद्दा भी जोरदार ढंग से उठाया गया। सदस्य लीलाधर दुबे ने बताया कि बांसी क्षेत्र में हाल ही में चौड़ीकरण के साथ सड़क का निर्माण कराया गया था, लेकिन कुछ ही समय में सड़क पर गड्ढे हो गए हैं। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराते हुए सड़क की मरम्मत कराने की मांग की। अन्य सदस्यों ने भी विभिन्न क्षेत्रों की क्षतिग्रस्त सड़कों का मुद्दा उठाया।
सदस्यों ने जिला अस्पताल में 24 घंटे पोस्टमार्टम की व्यवस्था लागू करने की मांग भी रखी। इसके अलावा विभिन्न विकास कार्यों और जनहित से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक के अंत में जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण निरंजन ने सभी सदस्यों को शॉल, श्रीफल और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. इम्तियाज अहमद, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता विनोद कुमार, अपर मुख्य अधिकारी राजकुमार नायक, वित्त परामर्शी कुलदीप मिश्रा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
-
पूर्व बैठक के प्रस्ताव पर कार्रवाई न होने से नाराज हुए सदस्य
बैठक में सदस्य मनोज कुशवाहा ने पूर्व बैठक में डगडगी गोशाला प्रकरण को लेकर उठाए गए मुद्दे का मामला भी रखा। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित मामले में अधिकारियों द्वारा गलत रिपोर्ट प्रस्तुत की गई थी, जिस पर कार्रवाई के लिए प्रस्ताव पारित किया गया था। इसके बावजूद प्रस्ताव पर कोई कार्रवाई नहीं होने से सदस्यों ने नाराजगी जताई और संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
-
बैठक में ये सदस्य रहे मौजूद
कृष्णमान सिंह यादव, ब्रजेंद्र सिंह, सुरेंद्र कुमार रजक, भवानी सिंह, मंगल सिंह यादव, अतल देवी, राजेश यादव, रामू कुशवाहा, धनंजय यादव, मनोज कुशवाहा, वीर सिंह बुंदेला, राजकुमार खटीक, आशीष कुमार रावत, लीलाधर दुबे, जनक यादव, फूल सिंह सहित अन्य सदस्य और प्रतिनिधि उपस्थित रहे।