ललितपुर। कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ने कोविड-19 कोर कमेटी की बैठक में गलत शपथ पत्र देकर होम आइसोलेट होने वालों पर प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी योगेश कुमार शुक्ल ने सर्वप्रथम होम आइसोलेशन के मरीजों के संबंध में समीक्षा करके बताया कि प्रशासन के संज्ञान में आया है कि कुछ मरीज गलत शपथ पत्र प्रस्तुत कर होम आइसोलेट होने की कोशिश कर रहे हैं। यदि कोई मरीज गलत शपथ पत्र देकर होम आइसोलेट होने की कोशिश कर रहे हैं, तो उसके खिलाफ महामारी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कराकर आवश्यक कार्रवाई करें।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अवगत कराया कि तालबेहट बस अड्डे पर एंटीजन टेस्ट बूथ स्थापित कर 200 एंटीजन टेस्ट कराए गए। पीएचसी गोना पर स्थापित एंटीजन टेस्ट बूथ पर सागर से आने वाले 30 यात्रियों के एंटीजन टेस्ट कराए गए। दोनों बूथों के सभी परिणाम निगेटिव रहे। उन्होंने चंदेरी एवं टीकमगढ़ से आने वाले यात्रियों की एंटीजन टेस्ट हेतु चंदेरी के रास्ते में तथा बानपुर में टेस्टिंग बूथ की स्थापना करें।
ब्लॉक बिरधा के ग्राम करमरा, सिमरधा, ब्लॉक मड़ावरा के ग्राम पहाडीकलां, ब्लॉक तालबेहट म्यांव, सेरवासकला, ब्लॉक महरौनी के ग्राम मिदरवाहा, किसरदा, सडकौरा तथा सुकुलगुवां की आशाएं डोर-2-डोर सर्वे नहीं कर रहीं हैं। जिस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि डोर-2-डोर सर्वे में लापरवाही बर्दास्त नहीं कि जाएगी। लापरवाही करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि 01 एम्बुलेंस पीडब्ल्यूडी डाक बंगला पर, 02 सीएमओ ऑफिस, 02 कलक्ट्रेट में, 01 एम्बुलेंस पॉलिटेक्निक तालबेहट में, 02 एम्बुलेंस डॉ0 अमित चतुर्वेदी के अधीन, 01 रेलवे स्टेशन पर, 01 आयुष वेलनेस सेंटर पर तथा 01 मड़ावरा में तैनात करें। बैठक में अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार पांडेय, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. प्रताप सिंह उपस्थित रहे।