मेडिकल कॉलेज में चल रहा निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय (मेडिकल कॉलेज) में जल्द ही इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब में जांच की सुविधा मिलेगी। पुराने भवन (जिला अस्पताल) की पैथोलाॅजी की मरम्मत व निर्माण कर मानक अनुरूप बनाया जा रहा है। कक्ष बनकर तैयार हो गए हैं। गेट व खिड़कियां भी लग चुकी हैं। अधिकांश भवन पूरी तरह बनकर तैयार हैं। लाइटिंग समेत अन्य कार्य भी करा दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि अक्तूबर के अंत तक लैब बनकर तैयार हो जाएगी। 120 प्रकार की जांच एक ही छत के नीचे हो सकेगी।
मेडिकल कॉलेज में मरीजों को एक ही छत के नीचे सभी प्रकार की जांच सुविधा मुहैया कराने के लिए इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब का निर्माण किया जा रहा है। जिला अस्पताल स्थित पैथोलॉजी को कुछ माह पहले खाली करा लिया गया था। इसके बाद भवन को तोड़कर मरम्मत व निर्माण किया जा रहा है। पुराने जांच कक्षों को तोड़ दिया गया है। मानक अनुरूप बनाया जा रहा है।
लैब में सभी प्रकार की सुविधा की गई है। आधा दर्जन से अधिक कक्ष बनाए गए हैं। अलग से शौचालय का निर्माण भी किया गया है। दीवारों पर टाइल्स लगाए जा चुके हैं। अब महज फर्श पर टाइल्स आदि लगाने का कार्य शेष रह गया है। मशीनें स्थापित होने पर जांच सुविधा शुरू की जाएगी। -
मेडिकल काॅलेज में इंटीग्रेटेड पब्लिक हैल्थ लैब का निर्माण अंतिम चरण में है। अक्तूबर के अंतिम सप्ताह तक कार्य पूर्ण हो जाएगा। इसके बाद मशीनें स्थापित कर जांच सुविधा शुरू कराई जाएगी। ्र
- डॉ. डीनाथ, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज